जींद रोडवेज द्वारा नए बस स्टैंड के बाद अब अगले महीने दिसंबर में यात्रियों को नई बसों की सौगात मिलेगी। अगले महीने डिपो में दस नई बस शामिल होंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी। हालांकि स्थानीय अधिकारियों द्वारा 12 बसों के रुपये गुरुग्राम में बसों की चेचिस तैयार करने के जमा करवा रखे हैं, जिसमें से दस बस डिपो में शामिल होंगी। इस समय डिपो में 164 बस आनरूट हैैं, जिसमें किलोमीटर स्कीम की 37 बस शामिल हैं।
अधिकारी के अनुसार
रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही बसें आती हैं तो जिस रूट पर बसों की संख्या कम है उस रूट पर बस को चलाया जाएगा। जिले में परिवहन समिति की 160 बस भी चल रही हैं, जो नरवाना, असंध, हांसी, बरवाला व गोहाना जैसे लोकल रूटों पर चलती हैं। बसों की कमी के चलते यात्रियों को ग्रामीण रूट पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिवहन समिति के चालकों द्वारा छात्राओं के साथ बुरा बर्ताव करने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। दिनभर में डिपो की बसों में लगभग 16 हजार यात्री सफर करते हैं। यात्रियों की संख्या के हिसाब से डिपो में बसों की संख्या 200 से अधिक होनी चाहिए। अगर यह दस बस डिपो में आती हैं तो यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
2020 में आई थी पांच पिंक बस
2018 में जींद डिपो में 30 बस आई थी। इसके बाद छात्राओं की सुविधा के लिए 2020 में डिपो में पांच पिंक बस शामिल की गई थी। इसके बाद डिपो में कोई नई बस नहीं आई हैं, जबकि दो साल में 50 से अधिक बस कंडम हो चुकी हैं। छात्राओं के लिए डिपो में शामिल की गई पांच पिंक बसों को भी सिटी बस सर्विस के रूप में चलाया जा रहा है।
दिसंबर महीने में आएंगी नई बसें
जींद डिपो में दिसंबर महीने में नई बसें आएंगी। दिसंबर महीने के अंत में नई बस आने की संभावना है। जैसे ही बस आएंगी तो यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जाएगी। जिस रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है, उस रूट पर बसों का संचालन हो रहा है। यात्रियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
–अशोक कौशिक, रोडवेज जीएम जींद डिपो।